‘ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी और मारेगा भी..‘धुरंधर 2’ का दमदार टीजर जारी, पहले से भी खतरनाक अवतार में दिखे रणवीर
Tuesday, Feb 03, 2026-02:01 PM (IST)
मुंबई. रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने आज दर्शकों को उत्साहित कर दिया है। हाल ही में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का टीजर रिलीज हो गया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मच गई है। बीते दिन रणवीर सिंह ने टीजर को लेकर हिंट दिया था और सुबह उन्होंने फिल्म का पहला पोस्टर शेयर कर उत्सुकता और बढ़ा दी थी। अब टीजर देख फैंस फिल्म देखने के लिए इंतजार नहीं कर पा रहे हैं।
पहले से भी खतरनाक अवतार में दिखे रणवीर सिंह
करीब 1 मिनट 12 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत रणवीर सिंह के इंटेंस और खतरनाक लुक से होती है। छोटे बाल, भूरी आंखें और हाथ में बंदूक लिए उनका अंदाज पहले से कहीं ज्यादा सख्त नजर आता है। इसके बाद वह हमजा अली मजारी के किरदार में लंबे बालों के साथ दिखाई देते हैं। टीजर में साफ झलकता है कि इस बार हमजा की ताकत कई गुना बढ़ चुकी है और उसका गुस्सा भी पहले से ज्यादा घातक हो गया है।
इसमें रणवीर सिंह के खुफिया एजेंट बनने से लेकर पाकिस्तान तक पहुंचने का सफर दिखाया जाएगा। टीजर में अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन की झलक भी देखने को मिलती है। अंत में रणवीर का दमदार डायलॉग बोलते हैं- “ये नया हिंदुस्तान है, ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।” यह डायलॉग टीजर को और भी प्रभावशाली बना देता है।
पहला पोस्टर भी बना चर्चा का विषय
टीजर से पहले जारी किए गए पोस्टर में रणवीर सिंह हमजा अली मजारी के ताकतवर किरदार में नजर आए थे। लाल रंग के बैकग्राउंड में तेज बारिश के बीच उनका इंटेंस लुक फैंस को काफी पसंद आया। पोस्टर शेयर करते हुए रणवीर ने कैप्शन में लिखा था, “अब बिगड़ने का वक्त आ गया है।” मेकर्स ने यह भी कन्फर्म कर दिया है कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
