'धुरंधर 2' से रणवीर सिंह का फर्स्ट लुक आउट, रिलीज डेट का भी हुआ खुलासा
Tuesday, Feb 03, 2026-12:12 PM (IST)
मुंबई. रणवीर सिंह की स्पाई-थ्रिलर ‘धुरंधर’ की दहाड़ के बाद अब दर्शकों को बस इसके दूसरे पार्ट यानि ‘धुरंधर 2’ का इंतजार है। इसी बीच अब मेकर्स ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ाते हुए ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से रणवीर सिंह का फर्स्ट लुक शेयर कर दिया है। साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान किया है। एक्टर ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते टीज़र की पूरी डिटेल्स साझा की है।
रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "अब बिगड़ने का वक्त आ गया है। धुरंधर: द रिवेंज टीज़र आज दोपहर 12:12 बजे रिलीज़ हो रहा है।
इसके साथ ही एक्टर ने फिल्म की रिलीट डेट का भी खुलासा किया और लिखा- फिल्म 19 मार्च 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज़ हो रही है।”
रणवीर सिंह का दमदार लुक
‘धुरंधर 2’ के नए पोस्टर में रणवीर सिंह ब्लैक लेदर जैकेट पहने, बारिश में भीगे हुए बेहद इंटेंस अंदाज़ में नजर आ रहे हैं। पोस्टर की लाल थीम फिल्म के गंभीर और खतरनाक माहौल की झलक देती है, जिसने फैंस की उत्सुकता को चरम पर पहुंचा दिया है।
पोस्टर पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन
जैसे ही पोस्टर सामने आया, सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कुछ फैंस ने लिखा, “डर का माहौल बन गया है,” तो किसी ने कहा, “अब इंतजार नहीं हो रहा।” कई यूज़र्स ने रणवीर सिंह के किरदार जसकीरत सिंह रंगी को लेकर भी एक्साइटमेंट जताई और लिखा कि अब उसकी बारी है राज करने की।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की रिलीज़ डेट और स्टारकास्ट
फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। इसमें रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, दानिश पंडोर और गौरव गेरा जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
