संजय कपूर की पत्नी प्रिया ने ननद पर ठोका 20 करोड़ की मानहानि का केस, छवि को नुकसान पहुंचाने का लगाया आरोप
Friday, Feb 13, 2026-05:37 PM (IST)
मुंबई. दिल्ली हाईकोर्ट में एक चर्चित पारिवारिक विवाद अब कानूनी रूप ले चुका है। दिवंगत बिजनेसमैन और एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स पति संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर ने अपनी ननद मंधीरा कपूर स्मिथ और एक चर्चित पॉडकास्ट की होस्ट पूजा चौधरी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। प्रिया कपूर ने अदालत से 20 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?
हाईकोर्ट में दाखिल याचिका के मुताबिक, एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान प्रिया कपूर के बारे में ऐसी बातें कही गईं, जिनसे उनकी छवि और प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा। आरोप है कि बातचीत के दौरान मंधीरा ने प्रिया को परिवार का “बाहरी व्यक्ति” बताया और कहा कि उन्हें कपूर परिवार की संपत्ति, विरासत या कारोबार पर कोई वैध अधिकार नहीं है। कथित तौर पर यह भी कहा गया कि परिवार की दौलत सिर्फ खून के रिश्तों और बच्चों की है।

विरासत पर कब्जे के आरोप
याचिका में यह भी दावा किया गया है कि पॉडकास्ट में प्रिया कपूर को इस तरह पेश किया गया, मानो वह अपने पति के निधन के बाद परिवार की संपत्ति पर नियंत्रण जमाने की कोशिश कर रही हों। उन पर आर्थिक लाभ लेने और परिवार में प्रभाव बढ़ाने जैसे आरोप भी लगाए गए।
सोशल मीडिया पर फैलाए गए बयान
प्रिया कपूर का कहना है कि ये सभी बयान जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से दिए गए और बाद में यूट्यूब, इंस्टाग्राम और एक्स जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलाए गए जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को लगातार नुकसान हो रहा है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि यह कोई एक बार की घटना नहीं बल्कि लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी, दबाव और उत्पीड़न का हिस्सा है। जो पहले उनके दिवंगत पति के खिलाफ कानूनी शिकायतों और पैसों की मांग के रूप में सामने आया था और अब उनके निधन के बाद प्रिया कपूर को निशाना बनाया जा रहा है।
अदालत से क्या मांग की?
प्रिया कपूर ने कोर्ट से अपील की है कि इन कथित मानहानिकारक बयानों के प्रसार पर तुरंत रोक लगाई जाए और उन्हें उचित कानूनी राहत दी जाए। साथ ही 20 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की गई है।
