‘यही कारण है जो पहलगाम में हुआ…इवेंट के दौरान लड़के पर भड़के सिंगर सोनू निगम, वीडियो वायरल
Thursday, May 01, 2025-03:19 PM (IST)

मुंबई. सोनू निगम बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने माने सिंगर हैं, जो अपनी सिंगिंग को लेकर फैंस के बीच अक्सर ही सुर्खियों में बने रहते हैं। हाल ही में इस सिंगर का उनके बंगलूरू कार्यक्रम से एक वीडियो सोशल मी्डिया पर सामने आया, जिसमें वह कन्नड़ भाषा के प्रति अपना सम्मान प्रकट कर रहे हैं। इसके अलावा वह इवेंट में एक लड़के पर अपना गुस्सा जाहिर करते भी दिख रहे हैं, जिसे वह पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ रहे हैं। तो आइए जानते हैं आखिर पूरा मसला क्या है।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनू निगम कर्नाटक के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए कह रहे हैं- ‘मैंने सभी भाषाओं में गाने गाए हैं, लेकिन मैंने अपने जीवन में जो सबसे अच्छे गाने गाए हैं, वे कन्नड़ गाने हैं। मैं आपके बीच में जब भी आता हूं बहुत प्यार से आता हूं। शो तो रोज करते हैं हमलोग, लेकिन जब कभी भी कर्नाटक में शो होते हैं हम बहुत इज्जत से आते हैं क्योंकि आप लोगों ने हमें अपना परिवार माना है।’
आगे सोनू निगम एक लड़के के व्यवहार के बारे में कहते हैं, ‘मुझे अच्छा नहीं लगा कि वहां एक लड़का था जिसकी उम्र जितनी रही होगी, उससे पहले से मैं कन्नड़ गाने गा रहा हूं। वह मुझे अभद्र तरीके से कन्नड़, कन्नड़ कह रहा था। यही कारण है पहलगाम में जो हुआ है, यही कारण है जो कर रहे हो, जो किया था ना अभी। देखो तो कौन सामने खड़ा है। मुझे कन्नड़ लोगों से प्यार है। मैं तुम लोगों से प्यार करता हूं, लेकिन ऐसा ना करें।’
सोनू निगम ने अब तक कई हिट गाने दिए हैं, जो अक्सर लोगों की जुबां पर रहते हैं। सोनू ने साल 1992 के टीवी सीरियल 'तलाश' से अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने 'बॉर्डर' फिल्म के 'संदेशे आते हैं' और 'परदेस' फिल्म के 'ये दिल दीवाना' जैसे गाने गाए।