‘सन ऑफ सरदार 2’ में दरकिनार किए जाने पर सोनाक्षी ने दी सफाई, कहा-आप अपमानित महसूस नहीं कर सकते
Wednesday, Sep 10, 2025-02:42 PM (IST)

मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा 'सन ऑफ सरदार' फिल्म में नजर आई थीं, जिसमें उनके किरदार को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। वहीं, इसके दूसरे भाग 'सन ऑफ सरदार 2' में मेकर्स ने उन्हें जगह नहीं दी। इसमें सोनाक्षी की जगह एक्ट्रेस मृणाल ठाकर ने मुख्य भूमिका निभाई। वहीं, अब हाल ही में एक्ट्रेस ने अजय देवगन स्टारर फिल्म के दूसरे भाग में शामिल नहीं होने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
सोनाक्षी सिन्हा ने हाल ही में मीडिया से 'सन ऑफ सरदार 2' का हिस्सा नहीं होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘जहां तक मैं देख सकती हूं कि सन ऑफ सरदार 2 फिल्म के लिए वे विदेश गए थे। इसलिए वही किरदार कहानी का हिस्सा नहीं हो सकता था। आप केवल इसके लिए अपमानित महसूस नहीं कर सकते। आपको व्यावहारिक होना होगा और प्रत्येक फिल्म को एक अलग प्रोजेक्ट के रूप में लेना होगा।’
'सन ऑफ सरदार 2' के बारे में
बता करें फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' की तो इसमें अजय देवगन के साथ मृणाल ठाकर मुख्य भूमिका में नजर आईं थीं। इस फिल्म को विजय कुमार अरोड़ा द्वारा निर्देशित किया गया था। यह इसी साल 1 अगस्त को पर्दे पर रिलीज हुई, जिसे दर्शकों को खासा प्यार मिला।
सोनाक्षी सिन्हा का काम
सोनाक्षी सिन्हा के काम की बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा जल्द ही फिल्म 'जटाधारा' में नजर आएंगी। इस फिल्म को कुश सिन्हा द्वारा निर्देशित किया गया है।