''पत्नी को बच्चों का ख्याल रखना...बयान देकर बुरे फंसे सुनील शेट्टी, लोगों ने दे दी चुप रहने की सलाह
Monday, Jul 28, 2025-03:30 PM (IST)

मुंबई. एक्टर सुनील शेट्टी अक्सर अपने बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने पति-पत्नी के बीच तालमेल और जिम्मेदारियों के संतुलन पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि पत्नी को यह समझना चाहिए कि अगर पति अपना करियर बनाने में व्यस्त है, तो उसे बच्चे पर ध्यान देना चाहिए। अब अपने इस बयान पर एक्टर जमकर ट्रोल हो रहे हैं।
दरअसल, सुनील शेट्टी ने शादी और तलाक पर कहा था कि आजकल के बच्चों में धैर्य है ही नहीं। शादी कुछ समय के बाद एक समझौता होता है, जहां आपको एक-दूसरे को समझना होता है, एक-दूसरे के लिए जीना होता है। फिर एक बच्चा आता है और पत्नी को ये जानना जरूरी है कि पति करियर बनाएगा तो बच्चे को मैं देख रही हूं। पति, जाहिर तौर पर, साथ में देखेगा। पर आज कल सब चीजों में प्रेशर बहुत हो गया है।
अब सुनील शेट्टी के इस बयान पर लोग भड़क गए और उन्होंने एक्टर की क्लास लगा दी। एक यूजर ने लिखा, 'इनको अब बोलना बंद कर देना चाहिए।' दूसरे ने लिखा, 'भाई ये अपनी इमेज खुद खराब कर रहा है। कभी-कभी चुप रहने में ही समझदारी होती है।' एक ने लिखा, 'पीआर टीम ने इनको सलाह नहीं दी क्या?' एक ने लिखा, 'उनके लुक्स या उनके किरदारों से धोखा मत खाइए। सुनील 60+ के हैं और उनकी सोच भी अपने उम्र के कई लोगों जैसी ही है।'
वर्कफ्रंट की बात करें तो हाल ही में सुनील शेट्टी की वेब सीरीज 'हंटर 2' अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रही है। इसमें वह एसीपी विक्रम सिन्हा की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा, वह प्रियदर्शन की मूवी 'हेरा फेरी 3' में भी दिखाई देंगे।