''गलत तरीके से छुआ और फिर मारा'' –फातिमा सना शेख का चौंकाने वाला खुलासा
Friday, Jul 11, 2025-05:15 PM (IST)

बॉलीवुड डेस्क:बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस फातिमा सना शेख इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्मों के चलते चर्चा में हैं, लेकिन इसी बीच उन्होंने अपने जीवन की एक बेहद तकलीफदेह घटना का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि किस तरह एक बार एक शख्स ने न सिर्फ उन्हें गलत तरीके से छुआ, बल्कि जब उन्होंने विरोध किया तो उस व्यक्ति ने उन्हें बुरी तरह मारा भी।
फातिमा सना शेख का खुलासा
एक इंटरव्यू में फातिमा ने बताया कि यह घटना उनके जीवन में एक ऐसा मोड़ बन गई, जिसने उन्हें काफी कुछ सिखा दिया। उन्होंने कहा,"एक बार एक आदमी ने मुझे गलत तरीके से छुआ, तो मैंने उसे मारा। लेकिन फिर उसने मुझे इतनी जोर से मारा कि मैं जमीन पर गिर गई।"यह हादसा सार्वजनिक स्थान पर हुआ था, जहां फातिमा ने हिम्मत दिखाते हुए उस शख्स का विरोध किया, लेकिन बदले में उन्हें हिंसा का सामना करना पड़ा।
'हमें खुद सोचना पड़ता है कि कैसे रिएक्ट करें'
फातिमा ने आगे कहा,"मैंने उसे सिर्फ इसलिए मारा, क्योंकि उसने मुझे गलत तरीके से छुआ था। लेकिन उसे इस बात पर इतना गुस्सा आया कि उसने मुझे इस कदर मारा कि मैं गिर पड़ी। उस घटना के बाद मैं सतर्क हो गई। समझ में आया कि हमें यह भी सोचना पड़ता है कि ऐसे हालात में कैसे रिएक्ट करें। सोचिए, हमारे साथ कुछ गलत हो रहा है और रिएक्शन भी हमें ही सोचना पड़ता है।"
लॉकडाउन में भी झेलनी पड़ी थी परेशानी
फातिमा ने हाल ही की एक और घटना साझा की, जो मुंबई में कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान हुई थी। उन्होंने बताया कि उस समय वह मास्क पहनकर साइकिल चला रही थीं। तभी एक टेम्पो ड्राइवर लगातार हॉर्न बजाता रहा और अजीब-अजीब आवाजें निकालता रहा।"जब तक मैं अपनी गली में मुड़ नहीं गई, वो मेरा पीछा करता रहा," फातिमा ने बताया। यह वाकया भी उनके लिए बेहद असहज और डरावना रहा।
'मेट्रो इन दिनों' में आईं नजर
इन दिनों फातिमा सना शेख फिल्म 'मेट्रो... इन दिनों' को लेकर चर्चा में हैं, जिसका निर्देशन अनुराग बसु ने किया है। इस फिल्म में उनके साथ अली फजल, पंकज त्रिपाठी, नीना गुप्ता, कोंकणा सेन शर्मा, अनुपम खेर और आदित्य रॉय कपूर जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आए। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।