आर्थिक तंगी से जूझ रही इस एक्ट्रेस के लिए मसीहा बने अल्लू अर्जुन, हर महीने देंगे 10 हजार रुपये की सहायता
Thursday, Mar 05, 2026-11:04 AM (IST)
मुंबई. तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस पावला श्यामला इन दिनों आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने करियर में 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। इसके बावजूद हालात ऐसे हो गए कि उन्हें अपने कई अवॉर्ड्स तक बेचने पड़े। बताया जा रहा है कि श्यामला लंबे समय से आर्थिक परेशानियों और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से जूझ रही हैं। ऐसे में एक्ट्रेस के मुश्किल समय में एक्टर अल्लू अर्जुन मसीहा बनकर सामने आए हैं और तुरंत मदद का हाथ आगे बढ़ाया है।
अल्लू अर्जुन ने बढ़ाया मदद का हाथ
रिपोर्ट्स के अनुसार, अल्लू अर्जुन ने फैसला किया है कि वह हर महीने पावला श्यामला को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देंगे, ताकि उनकी रोजमर्रा की जरूरतें और दवाइयों का खर्च पूरा हो सके। अल्लू अर्जुन के इस कदम की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है। फैंस और इंडस्ट्री के लोग उनकी संवेदनशीलता और मददगार स्वभाव की तारीफ कर रहे हैं।

अन्य सितारे भी आए आगे
अल्लू अर्जुन से पहले साउथ इंडस्ट्री के मेगास्टार चिरंजीवी और अभिनेता-राजनेता पवन कल्याण भी पावला श्यामला की मदद के लिए आगे आ चुके हैं। इन दोनों सितारों ने भी उनकी स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की है।
लंबे समय तक किया दर्शकों का मनोरंजन
पावला श्यामला ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों में काम किया और अपनी कॉमिक टाइमिंग व अभिनय से दर्शकों को खूब मनोरंजन दिया। हालांकि अब स्वास्थ्य और आर्थिक समस्याओं के कारण उनका जीवन कठिन दौर से गुजर रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्मों से कमाई गई उनकी बचत भी इलाज और अन्य जरूरतों में खर्च हो चुकी है। फिलहाल वह अपनी बेटी के साथ एक वृद्धाश्रम में रह रही हैं और जीवनयापन के लिए संघर्ष कर रही हैं।
