''कुछ रिश्ते जिंदगी से कहीं ज्यादा..जैकी श्रॉफ के 69वें बर्थडे पर अनिल का खास पोस्ट, राम पर लखन ने यूं उड़ेला प्यार
Sunday, Feb 01, 2026-02:33 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर जैकी श्रॉफ का आज बर्थडे है। 1 फरवरी 2026 को बॉलीवुड के जग्गू दा अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर फिल्म इंडस्ट्री से लेकर फैंस तक, हर कोई उन्हें शुभकामनाएं दे रहा है। इसी बीच उनके सबसे करीबी दोस्त और सुपरस्टार अनिल कपूर ने उन्हें खास अंदाज में बर्थडे विश किया है और अपने पोस्ट से सबका दिल जीत लिया है।
अनिल कपूर ने X पर जैकी श्रॉफ के साथ बिताए पुराने दिनों की यादें ताजा करते हुए पांच पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा- “कुछ रिश्ते एक जिंदगी से कहीं ज्यादा होते हैं… हर जन्म में आपके लिए आभारी हूं, जग्गू दा। जन्मदिन मुबारक, राम।”
Some bonds go beyond one lifetime….Grateful for you in every janam, Jaggu Da.
— Anil Kapoor (@AnilKapoor) February 1, 2026
Happy Birthday, Ram❤️✨@bindasbhidu pic.twitter.com/k4Mnl2rFry
अनिल कपूर का यह पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस और सेलेब्स दोनों ही इस खूबसूरत दोस्ती की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “राम-लखन बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन जोड़ी है।” वहीं दूसरे ने कहा, “एक वक्त था जब अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ एक जैसे लगते थे।”
बता दें, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ की दोस्ती कोई नई नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की दोस्ती करीब 41 साल पुरानी है। साल 1984 में फिल्म ‘अंदर बाहर’ के सेट पर दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। इसके बाद समय के साथ उनकी दोस्ती और मजबूत होती चली गई, जो आज भी उतनी ही गहरी है।
दोनों ने साथ अंदर बाहर (1984), कर्मा (1986), राम लखन (1989), परिंदा (1989), काला बाजार (1989), रूप की रानी चोरों का राजा (1993), 1942: ए लव स्टोरी (1994), त्रिमूर्ति (1995), कभी ना कभी (1998) और शूटआउट एट वडाला (2013) जैसी फिल्मों में काम किया है। इन फिल्मों में दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को आज भी दर्शक याद करते हैं।
