''नहीं पता था पता था यह उनकी आखिरी यात्रा बन जाएगी.अहमदाबाद प्लेन क्रैश हादसे से दहला अनुपम का दिल, बोले- यह दुख का पहाड़ है..
Friday, Jun 13, 2025-06:06 PM (IST)

मुंबई. दिग्गज एक्टर अनुपम खेर देश-दुनिया की खबरों पर पूरी नजर रखते हैं और अक्सर उन पर रिएक्ट भी करते नजर आते हैं। अब हाल ही में एक्टर ने गुरुवार को अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश हादसे को लेकर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने इस घटना के बारे में बात की और इस घटना को भारतीय इतिहास की सबसे खराब विमानन दुर्घटनाओं में से एक बताया।
शेयर किए वीडियो में अनुपम खेर को कहते सुना जा सकता है कि अहमदाबाद में विमान दुर्घटना सिर्फ एक खबर नहीं है। यह दुख का पहाड़ है जिसने इतने सारे घरों को तोड़ दिया है। वह विमान सिर्फ एक मशीन नहीं था। यह एक चलती हुई उम्मीद थी जिसमें हमारे प्रियजन बैठे थे। कोई भारत से था कोई विदेश से था। कोई किसी की मां थी। कोई अपने बेटे के पास लौट रही थी। कोई काम पर जा रहा था। कोई छुट्टी मनाकर घर जा रहा था। लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह यात्रा उनकी आखिरी यात्रा बन जाएगी।'
अनुपम ने आगे कहा कि उनका मन व्यथित है, दिल खामोश है और आंखें नम हैं। हम सब उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने आज अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें शांति प्रदान करें। और जो लोग इस समय दर्द में हैं, उन्हें धैर्य, साहस और सहारा दें।'
उन्होंने कहा, 'आज न तो भाषा काम की है, न ही तर्क। मैं बस एक बात कहना चाहता हूं। हम आपके साथ हैं। पूरी मानवता आपके साथ है। और यह देश हर उस परिवार को सलाम करता है जो प्रभावित हुआ है। ओम शांति, नमन और श्रद्धांजलि।'
बता दें, अनुपम खेर से पहले बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक्ट्रेस कंगना रनौत, जाह्नवी कपूर, सलमान खान, शाहरुख खान और रितेश देशमुख जैसे कई सितारों ने पोस्ट शेयर कर इस हादसे पर दुख जाहिर किया था और पीड़ितों के परिवारों को प्रति संवेदना जताई थी।