बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा ने जीता पहला ग्रैमी अवॉर्ड, 90 की उम्र में स्थापित किया नया कीर्तिमान
Monday, Feb 02, 2026-10:48 AM (IST)
मुंबई. संगीत जगत के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में गिने जाने वाले ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 के विजेताओं की सूची सामने आ चुकी है। हर साल की तरह इस बार भी भारत से कई नामों को लेकर उम्मीदें थीं, लेकिन दुर्भाग्यवश इस साल भारत को ग्रैमी में कोई अवॉर्ड नहीं मिल पाया। हालांकि, इस बीच एक ऐतिहासिक उपलब्धि ने सबका ध्यान खींचा है। 90 वर्षीय परम पूज्य दलाई लामा ने ग्रैमी अवॉर्ड जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
दलाई लामा को ग्रैमी अवॉर्ड्स के 68वें संस्करण में उनके एल्बम के लिए सम्मानित किया गया है। उन्हें ‘बेस्ट ऑडियोबुक, नैरेशन एंड स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग’ कैटेगरी में यह अवॉर्ड मिला है। उनका एल्बम ‘Meditation: The Reflections of His Holiness the Dalai Lama’ इस श्रेणी में नामांकित था, जहां उन्होंने बाजी मारते हुए अपना पहला ग्रैमी अवॉर्ड अपने नाम किया।

नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित दलाई लामा पहले ही दुनिया के सबसे प्रभावशाली आध्यात्मिक नेताओं में शामिल हैं। अब उनके नाम एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान जुड़ गया है। यह उपलब्धि न सिर्फ आध्यात्मिक जगत के लिए बल्कि कला और संस्कृति की दुनिया के लिए भी बेहद खास मानी जा रही है।
ग्रैमी 2026 में भारत की उम्मीदें टूटीं
इस साल ग्रैमी अवॉर्ड्स में भारत से कई बड़े नाम नॉमिनेशन की दौड़ में शामिल थे। मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर, जो पंडित रवि शंकर की बेटी हैं, को उनके प्रोजेक्ट ‘Debreak’ के लिए नॉमिनेट किया गया था। इससे पहले अनुष्का शंकर 11 बार अलग-अलग कैटेगरीज में ग्रैमी के लिए नामांकित हो चुकी हैं, लेकिन इस बार भी उन्हें अवॉर्ड नहीं मिल सका। उन्होंने पहले ही जानकारी दी थी कि कुछ कारणों से वे इस इवेंट में शामिल नहीं हो पाएंगी।
इसके अलावा शंकर महादेवन के फ्यूजन बैंड ‘शक्ति’ को भी ग्रैमी के लिए नॉमिनेट किया गया था, जिसमें सिद्धांत भाटिया का नाम भी शामिल था। वहीं संगीतकार चारू सूरी को भी भारतीय संगीत में उनके योगदान के लिए ग्रैमी नॉमिनेशन मिला था। बावजूद इसके, भारत को इस साल ग्रैमी अवॉर्ड्स से खाली हाथ लौटना पड़ा।
ग्रैमी 2026 के अन्य बड़े नाम
इस साल ग्रैमी अवॉर्ड्स में अमेरिकी रैपर केंड्रिक लैमर का दबदबा देखने को मिला। उन्हें कुल 9 कैटेगरीज में नॉमिनेशन मिला था, जिनमें से उन्होंने 3 अवॉर्ड्स अपने नाम किए। वहीं लेडी गागा को 7 नॉमिनेशन्स मिले, जिसके साथ वह इस साल सबसे ज्यादा नामांकित कलाकारों की सूची में दूसरे स्थान पर रहीं।
दलाई लामा का हॉलीवुड से भी रहा है खास नाता
दलाई लामा का मनोरंजन जगत से भी गहरा संबंध रहा है। साल 1997 में मशहूर निर्देशक मार्टिन स्कॉर्सेसी ने उन पर आधारित फिल्म ‘कुंदुन’ बनाई थी, जिसमें उनके बचपन और जीवन यात्रा को दिखाया गया था। इस फिल्म को ऑस्कर में चार नॉमिनेशन्स मिले थे। उसी साल हॉलीवुड स्टार ब्रैड पिट की फिल्म ‘Seven Years in Tibet’ भी रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इस फिल्म में बॉलीवुड एक्टर डैनी डेन्जोंगपा भी नजर आए थे।
इसके अलावा साल 2014 में दलाई लामा पर बनी डॉक्युमेंट्री ‘Dalai Lama Awakening’ को भी काफी सराहा गया। वहीं 2024 में रिलीज हुई डॉक्युमेंट्री ‘Wisdom of Happiness’ में खुद 14वें दलाई लामा को फीचर किया गया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
।
