जब तुम्हारे बाप-दादा अंग्रेजों के जूते चाट रहे थे..पाकिस्तानी कहे जाने पर शख्स पर फूटा जावेद अख्तर का गुस्सा, याद दिला दी औकात
Sunday, Aug 17, 2025-04:08 PM (IST)

मुंबई. मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अक्सर अपने बेबाक बयानों के लिए सुर्खियों में रहते हैं। वो सोशल मीडिया के जरिए अपने दिल की बात लोगों के बीच रखते नजर आते हैं। इसी बीच हाल ही में जावेद ने सोशल मीडिया पर उस यूजर को फटकार लगाई, जिसने उन्हें पाकिस्तानी बताया। तो आइए जानते हैं क्या है आखिर पूरा माजरा..
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर जावेद अख्तर ने एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा था, 'मेरे सभी भारतीय बहनों और भाइयों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह आजादी हमें थाली में परोसी नहीं गई। आज हमें उन लोगों को याद करना चाहिए और उन्हें सलाम करना चाहिए जो हमें आजादी दिलाने के लिए जेल गए और जो फांसी पर चढ़ गए। आइए हम यह सुनिश्चित करें कि हम इस अनमोल तोहफे को कभी न गंवाएं।'
जावेद अख्तर की इस पोस्ट में एक यूजर ने कमेंट कर लिखा, 'आपका स्वतंत्रता दिवस तो 14 अगस्त को है ना।'
इस पर जावेद अख्तर का पारा चढ़ गया और उन्होंने जवाब में लिखा, 'बेटा, जब तुम्हारे बाप दादा अंग्रेज के जूते चाट रहे थे, मेरे बुजुर्ग देश की आजादी के लिए काला पानी में मर रहे थे। अपनी औकात में रहो।'
जावेद की इसी पोस्ट पर एक यूजर ने उन्हें गद्दार कह दिया, जिस पर उन्होंने कहा, 'गद्दार वो हैं, जो नॉन कॉर्पोरेशन और क्विट इंडिया मूवमेंट के खिलाफ थे। गद्दार वो हैं, जिन्होंने जितना हो सका अंग्रेज की मदद की। गद्दार वो हैं जो हमारे संविधान और तिरंगे के खिलाफ थे। ये पता लगा कर वो कौन थे, अपनी जहालत थोड़ी सी कम कर लो।'