पंजाब में बाढ़ प्रभावित लोगों को रणदीप हुड्डा ने बांटी राहत सामग्री, खुद पीड़ित परिवारों से मिलकर जाना हाल
Wednesday, Sep 03, 2025-07:51 PM (IST)

मुंबई. पंजाब में आई भीषण बाढ़ ने लोगों का जीवन तबाह कर दिया है। गांवों के गांव पानी में बह गए हैं। लोग खाने को मोहताज हो गए हैं। राज्य की इस मुश्किल घड़ी में आम लोगों के साथ-साथ कई संगठन और समाजसेवी आगे आ रहे हैं। वहीं, बॉलीवुड सेलिब्रेटी भी आगे बढ़कर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। इसी बीच बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा पंजाब के गुरदासपुर ज़िले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और वहां बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं।
सामने आई फोटोज में देखा जा सकता है कि रणदीप हुड्डा खुद ग्राउंड लैवल पर जाकर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। वह अपने हाथों में प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांट रहे हैं, जिसमें खाना, कपड़े और ज़रूरी सामान शामिल हैं।
इतना ही नहीं, रणदीप ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हालचाल पूछा और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि वह इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ हैं और उनकी हर संभव मदद करेंगे।
स्थानीय लोगों ने रणदीप हुड्डा की उपस्थिति और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि उनकी मदद से उनका मनोबल बढ़ा है और उन्हें एहसास हुआ है कि देश और समाज उनके दुख-दर्द में उनके साथ खड़ा है।