अल्लू अर्जुन से मिलने के लिए 42 नियमों को करना पड़ता है फॉलो, आंखों में देखना भी मना? अफवाहों पर एक्टर की टीम ने दी सफाई
Wednesday, Feb 11, 2026-11:13 AM (IST)
मुंबई. साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी अगली फिल्म की तैयारी में व्यस्त हैं। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को अस्थायी तौर पर AA22xA6 नाम दिया गया है और इसका निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर एटली कर रहे हैं। फिल्म को लेकर पहले से ही फैंस में उत्साह है, लेकिन इसी बीच एक्टर का नाम एक नए विवाद में चर्चा का विषय बन गया।

दरअसल, हाल ही में एक ब्रांड स्ट्रैटेजिस्ट के पॉडकास्ट का छोटा सा क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस क्लिप में दावा किया गया कि अल्लू अर्जुन से मिलने के लिए लोगों को कई सख्त नियमों का पालन करना पड़ता है। यह भी कहा गया कि ऐसे कुल 42 ‘डूज़ एंड डोन्ट्स’ हैं, जिन्हें फॉलो करना अनिवार्य है। इन दावों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
An official note from Icon star @alluarjun’s Office.
— Team Allu Arjun (@TeamAAOfficial) February 10, 2026
A recent video spreading baseless allegations about @alluarjun is completely false. The matter is being taken seriously, and legal action is being initiated against those responsible. Kindly refrain from sharing unverified… pic.twitter.com/sXhSNRsB36
टीम ने आरोपों को बताया झूठा और निराधार
विवाद बढ़ने पर अल्लू अर्जुन की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया। बयान में कहा गया- 'मिस्टर अल्लू अर्जुन के बारे में हाल ही में किए गए कुछ कमेंट्स पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठे हैं। उन्होंने हमेशा बहुत इज्जत और सम्मान के साथ काम किया है। हम इन झूठे आरोपों को गंभीरता से लेते हैं। हमारी लीगल टीम जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मानहानि का केस शुरू कर रही है।' उन्होंने सभी से 'अनवेरिफाइड' जानकारी फैलाने से बचने की भी रिक्वेस्ट की।
पॉडकास्ट में क्या किया गया दावा?
वायरल क्लिप में कावेरी बरुआ नाम की एक ब्रांड स्ट्रैटेजिस्ट अपने अनुभव के बारे में बात करती नजर आती हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले रॉयल एनफील्ड में ब्रांड स्ट्रैटेजी डिपार्टमेंट से जुड़ी थीं। बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि हैदराबाद में अल्लू अर्जुन से मुलाकात से पहले उन्हें एक नोट दिया गया था, जिसमें 42 नियम लिखे थे—क्या करना है और क्या नहीं करना है।

उनके अनुसार, इन नियमों में कथित तौर पर एक्टर की आंखों में सीधे न देखना और हाथ न मिलाना जैसी शर्तें शामिल थीं। उन्होंने यह भी कहा कि एक्टर की टीम में कई स्तर के मैनेजर होते हैं, जिससे मुलाकात की प्रक्रिया काफी नियंत्रित और औपचारिक लगती है।
जब पॉडकास्ट के होस्ट ने उनसे पूछा कि आंखों में न देखने जैसे नियम के पीछे क्या कारण था, तो कावेरी ने जवाब दिया कि उन्हें इसकी वजह नहीं बताई गई थी और बस यही निर्देश दिए गए थे। आगे और नियमों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने विस्तार से बताने से इनकार कर दिया और हंसते हुए बात टाल दी।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
क्लिप सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने इन दावों पर सवाल उठाए, तो कुछ ने इसे सेलिब्रिटी कल्चर का हिस्सा बताया। हालांकि, आधिकारिक बयान के बाद स्थिति कुछ हद तक स्पष्ट हुई है और मामला अब कानूनी दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है।
