विक्रम भट्ट पर 30 करोड़ की ठगी का आरोप, डॉक्टर ने डायरेक्टर और उनकी पत्नी समेत 8 के खिलाफ दर्ज कराई FIR
Tuesday, Nov 18, 2025-09:46 AM (IST)
मुंबई. मशहूर फिल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट इस वक्त कानूनी पचड़े में फंसते दिखाई दे रहे हैं। उदयपुर के एक डॉक्टर ने उन पर ठगी का आरोप लगाया है। डॉक्टर का कहना है कि विक्रम भट्ट ने उनसे 30 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है और इसके तहत डॉक्टर ने 8 नवंबर को भूपालपुरा थाने में डायरेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
उदयपुर के डॉक्टर ने न सिर्फ विक्रम भट्ट बल्कि उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट, उनकी बेटी कृष्णा भट्ट, दिनेश कटारिया समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज करवाया है।
शिकायत में कहा गया है कि उनकी मुलाकात दिनेश कटारिया से एक म्यूजिक ग्रुप के माध्यम से हुई थी। उन्होंने खुद को फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा बताया। उन्हें ऐसा कहा गया था कि विक्रम भट्ट एक फिल्म बनाएंगे और फिल्म रिलीज होने के बाद लगभग 200 करोड़ रुपये की कमाई होगी। पिछले साल अप्रैल में डॉक्टर मुंबई उनके स्टूडियो भी गए थे, जहां दिनेश कटारिया ने उनकी मुलाकात विक्रम भट्ट से करवाई थी।
शिकायत में कहा गया है डायरेक्टर ने इस दौरान डॉक्टर को आश्वासन दिया था कि पूरी फिल्म बनाने की जिम्मेदारी उनकी ही होगी, जिस वजह से डॉक्टर ने फिल्म पर पैसा लगाया। डॉक्टर ने यह आरोप लगाया है कि इस फिल्म बनाने के बहाने उन्होंने 30 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की।
डॉक्टर ने शिकायत के आधार पर पुलिस ने विक्रम भट्ट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वह अब आगे की जांच करेगी।
