मशहूर कवि और चित्रकार इमरोज का निधन, 97 की उम्र में ली अंतिम सांस
Friday, Dec 22, 2023-03:26 PM (IST)

बॉलीवुड तड़का टीम. मनोरंजन जगत से हाल ही में एक बुरी खबर सामने आई है। मशहूर कवि और चित्रकार इमरोज का 97 साल की उम्र में निधन हो गया है। दिग्गज में अपने मुंबई के घर में जिंदगी की अंतिम सांस ली। इमरोज के निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि इमरोज पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। इमरोज का मूल नाम इंद्रजीत सिंह था। इमरोज अमृता प्रीतम के साथ अपने रिश्ते के बाद काफी लोकप्रिय हो गए थे। हालांकि, दोनों ने कभी शादी नहीं की, लेकिन 40 साल तक एक-दूसरे के साथ ही रहे।
अमृता ने अपनी मृत्यु से पहले इमरोज के लिए एक कविता लिखी 'मैं तुम्हें फिर मिलूंगी।' वहीं, इमरोज उनकी मृत्यु के तुरंत बाद कवि बन गए थे। उन्होंने अमृता पर एक प्रेम कविता पूरी की-'उसने जिस्म छोड़ा है, साथ नहीं।'
इमरोज का जन्म साल 1926 में लाहौर से 100 किलोमीटर दूर एक गांव में हुआ था। इमरोज ने जगजीत सिंह की 'बिरहा दा सुल्तान' और बीबी नूरन की 'कुली रह विच' सहित कई प्रसिद्ध एलपी के कवर डिजाइन किए थे।