Pics: मनोज तिवारी की पत्नी सुरभि ने दिल्ली में मनाया छठ पर्व, सीएम रेखा गुप्ता संग मिलकर दिया सूर्यदेव को अर्घ्य
Tuesday, Oct 28, 2025-12:04 PM (IST)
मुंबई. लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा देशभर में पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। न सिर्फ आम लोग, बल्कि कई फेमस सेलिब्रेटी भी इस पर्व को पूरी श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाते नजर आए। हालांकि, आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व का समापन हो गया है। इसके साथ ही छठ पूजा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। इसी बीच टीवी एक्ट्रेस व फेमस भोजपुरी एक्टर व सिंगर मनोज तिवारी की पत्नी सुरभि तिवारी ने भी अपनी छठ पूजा की तस्वीरें फैंस के साथ शेयर की हैं, जो खूब वायरल हो रही हैं।
मनोज तिवारी की पत्नी सुरभि इस साल दिल्ली में छठ पूजा मनाने पहुंचीं, जहां उन्हें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ पूजा करते हुए देखा गया। दोनों ने मिलकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और महिलाओं के साथ पारंपरिक छठ गीत गाए।
इस दौरान सुरभि पूरी तरह पारंपरिक अवतार में नजर आईं। उन्होंने पीले रंग की साड़ी, सिंदूर, चूड़ियां और खूबसूरत नेकलेस पहनकर छठ मैया की पूजा की। तस्वीरों में उनकी आस्था और चेहरे पर सच्ची भक्ति साफ झलक रही है।
मनोज तिवारी भी रहे शामिल
छठ पर्व के अवसर पर सुरभि तिवारी के साथ भोजपुरी एक्टर और सांसद मनोज तिवारी भी नजर आए। दोनों ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की। मनोज तिवारी को इस मौके पर पीले रंग की धोती-कुर्ता में देखा गया। पूजा से पहले उन्होंने यमुना नदी को नमन किया और सूर्यदेव से पूरे देश की खुशहाली की प्रार्थना की।
पूजा की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए सुरभि ने कैप्शन में लिखा – “जय छठी मैया”। सुरभि की इन तस्वीरों पर फैंस खूब प्यार बरसा रहे हैं। कई यूजर्स ने तारीफ करते हुए लिखा कि सुरभि तिवारी का यह पारंपरिक लुक बेहद सुंदर और प्रेरणादायक है। वहीं कुछ ने लिखा कि उन्होंने इस महापर्व की पवित्रता को खूबसूरती से जीवंत किया है।
