परिणीति के बर्थडे पर पति ने शेयर की अनदेखी तस्वीरें, पत्नी के बेबी बंप पर प्यार लुटाते नजर आए पापा बने राघव चड्ढा
Wednesday, Oct 22, 2025-03:53 PM (IST)

मुंबई. परिणीति चोपड़ा के घर हाल ही में बच्चे की किलकारी गूंजी है। दिवाली से महज एक दिन पहले 19 अक्टूबर को एक्ट्रेस ने पति राघव चड्ढा के पहले बच्चे को जन्म दिया। एक प्यारे से बेटे के पिता बनकर राघव फूले नहीं समा रहे हैं। पिता बनते ही सबसे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर गुड न्यूज शेयर की थी। वहीं, अब कुछ दिनों बाद राघव ने परिणीति की प्रेग्नेसी के दौरान की कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह उनके बेबी बंप पर खूब प्यार लुटाते दिख रहे हैं।
दरअसल, राघव चड्ढा ने यह पोस्ट परिणीति चोपड़ा के बर्थडे पर किया है और उन्हें अपने अंदाज में खास बनाने की पूरी कोशिश की है। उन्होंने बीवी की प्रेग्नेंसी के दौरान की कुल 4 तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें वह परी और उनके बेबी बंप को खूब प्यार करते दिख रहे हैं।
किसी तस्वीर में वह परिणीति के बेबी बंप को चूम रहे हैं तो किसी में बंप पर कान लगाकर बच्चे को महसूस कर रहे हैं। इन प्यारी तस्वीरों के साथ राघव ने कैप्शन में लिखा-शहर की सबसे नई और सबसे अच्छी मां को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. गर्लफ्रेंड से लेकर पत्नी और फिर हमारे नन्हे बेटे की मां बनने तक का यह सफर कितना अद्भुत रहा है @parineetichopra
फैंस राघव के इस पोस्ट को खूब लाइक कर रहे हैं और कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
दो साल पहले हुई थी शादी
बता दें, परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा की शादी सितंबर 2023 में उदयपुर में हुई थी। इस शाही शादी में कपल का परिवार, करीबी दोस्त और कई बॉलीवुड हस्तियां शामिल हुई थीं। अब शादी के दो साल बाद परिणीति और राघव अपने पहले बच्चे के तौर पर एक प्यारे से बेटेत का स्वागत किया है, जिसके आगमन से उनकी खुशियों में चार-चांद लग गए हैं।