सोनाक्षी सिन्हा ने प्रेग्नेंसी अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, पति जहीर संग तस्वीरें शेयर कर लिखा- मुझे प्रेग्नेंट हुए..
Friday, Oct 17, 2025-12:29 PM (IST)

मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में वह मुंबई में आयोजित रमेश तौरानी की दिवाली पार्टी में अपने पति जहीर इकबाल के साथ नजर आईं, जहां दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। इन तस्वीरों में जहीर को सोनाक्षी का पेट छिपाते हुए देखा गया, जिसके बाद इंटरनेट पर यह चर्चा शुरू हो गई कि एक्ट्रेस प्रेग्नेंट हैं। हालांकि अब सोनाक्षी ने खुद इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए एक मजेदार पोस्ट शेयर किया है।
सोनाक्षी सिन्हा ने दी सफाई
गुरुवार को सोनाक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिवाली पार्टी की कई खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं। इन फोटोज में वह गोल्डन अनारकली सूट में बेहद स्टनिंग लग दिखीं, जबकि जहीर इकबाल पारंपरिक कुर्ते-पायजामे में नजर आए। तस्वीरों के साथ सोनाक्षी ने कैप्शन में लिखा- “मानव इतिहास में सबसे लंबी प्रेग्नेंसी का विश्व रिकॉर्ड मैंने बनाया है! हमारे प्यारे और अति बुद्धिमान मीडिया के मुताबिक, मुझे प्रेग्नेंट हुए 16 महीने हो चुके हैं। बस पेट के चारों ओर हाथ रखकर पोज देने की वजह से उन्होंने हमें प्रेग्नेंट मान लिया। हमारी प्रतिक्रिया के लिए आखिरी स्लाइड तक स्क्रॉल करें और इस दिवाली को हंसी-खुशी से मनाएं।”
इस कैप्शन के साथ सोनाक्षी ने एक मस्तीभरा वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह और जहीर हंसते नजर आ रहे हैं।
सोनाक्षी की इस पोस्ट पर इंडस्ट्री के कई सेलेब्स और फैंस ने हंसी और प्यार भरे कमेंट्स किए।
सोनाक्षी-जहीर की लव स्टोरी
सोनाक्षी और जहीर की मुलाकात साल 2013 में सलमान खान की पार्टी में हुई थी। हालांकि, दोनों के बीच नजदीकियां 2017 में ‘ट्यूबलाइट’ की आफ्टर पार्टी में बढ़ीं। करीब सात साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने 2024 में मुंबई में सोनाक्षी के घर पर एक निजी समारोह में शादी की। शादी में सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए थे।
वर्कफ्रंट पर सोनाक्षी सिन्हा
काम की बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा को हाल ही में वेब सीरीज ‘हीरमंडी’ में देखा गया था, जिसमें उनके अभिनय की खूब सराहना हुई। इसके अलावा, वह जल्द ही एक नए प्रोजेक्ट की तैयारी में जुटी हैं, जिसकी घोषणा वह आने वाले महीनों में करने वाली हैं।