शबाना आज़मी की बर्थडे पार्टी में माधुरी और उर्मिला संग रेखा ने लगाया चार्म का तड़का, डांस और स्टाइल से लूटी महफिल
Friday, Sep 19, 2025-11:18 AM (IST)

मुंबई. 18 सितंबर को बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आज़मी ने अपना 75वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उन्होंने एक शानदार पार्टी का आयोजन किया, जिसमें फिल्मी जगत की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। फेमस एक्ट्रेस रेखा से लेकर विद्या बालन, माधुरी दीक्षित और उर्मिला मातोंडकर जैसी नामचीन अदाकाराएं इस पार्टी का हिस्सा बनीं। सोशल मीडिया पर इस पार्टी का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें शबाना की बर्थडे पार्टी में ये हसीनाएं अपने डांस से चार-चांद लगाती नजर आ रही हैं।
शबाना आज़मी की बर्थडे पार्टी का ये वीडियो एक्टर संजय कपूर ने शेयर किया है। इस वीडियो में रेखा पहले माधुरी, विद्या और उर्मिला के साथ फिल्म “परिणीता” के गाने ‘कैसी है पहेली’ पर झूमती नजर आ रही हैं। इसके बाद रेखा मंच पर शबाना आज़मी को बुलाती हैं, और फिर पांचों अदाकाराएं मिलकर डांस करती हैं।
इस पल ने पार्टी की रौनक दोगुनी कर दी और मेहमानों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी इस क्लिप ने तहलका मचा दिया। फैंस रेखा और बाकी एक्ट्रेसेस की एनर्जी और एलीगेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
रेखा का स्टाइलिश अंदाज़
70 साल की रेखा का इस दौरान बेहद स्टाइलिश लुक देखने को मिला। इस पार्टी में उन्होंने ब्लैक और व्हाइट आउटफिट कैरी किया। उनके लुक को ब्लैक-व्हाइट टोपी और काले चश्मे ने और ज्यादा ग्लैमरस बना दिया। उनका यह स्टाइलिश अंदाज़ सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।
वहीं माधुरी दीक्षित रेड आउटफिट में बेहद खूबसूरत लगीं। उर्मिला मातोंडकर को-ऑर्ड सेट में स्टाइलिश नजर आईं। विद्या बालन ग्रे ड्रेस में गॉर्जियस लगीं और बर्थडे गर्ल शबाना आज़मी ने ब्लैक-रेड ड्रेस में अपना अलग ही जलवा दिखाया।
रेखा और अन्य एक्ट्रेसेस का यह डांस वीडियो इंटरनेट पर छा गया है। लोग इस बात की तारीफ कर रहे हैं कि इतनी उम्र में भी रेखा की एनर्जी और करिश्मा देखते ही बनता है। वहीं, पार्टी में शामिल इन सभी एक्ट्रेसेस के फैशन स्टेटमेंट की भी जमकर सराहना हो रही है।