Sanjay Kapoor property dispute: दो बैंक अकाउंट्स खाली हो गए जो वसीयत का हिस्सा थे, करिश्मा कपूर के वकील का बड़ा दावा

Friday, Sep 26, 2025-07:46 PM (IST)

बाॅलीवुड तड़का : बॉलीवुड के गलियारों में हमेशा से ही ड्रामे चलते आ रहे हैं, लेकिन अब एक ड्रामा अदालत तक पहुंच गया है। करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड संजय कपूर के निधन के बाद उनकी कथित 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर उनके बच्चों और तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव के बीच कानूनी जंग छिड़ गई है। इस मामले की सुनवाई गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में हुई, जहां दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे पेश किए।

 करिश्मा कपूर के वकील का बड़ा दावा

करिश्मा कपूर के बच्चों ने संजय कपूर की वसीयत को लेकर एक तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव पर गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि, प्रिया सचदेव ने वसीयत के अहम दस्तावेजों में छेड़छाड़ की है। खासकर, दो बैंक अकाउंट्स, जो वसीयत का हिस्सा माने जा रहे थे, अगस्त के बीच खाली कर दिए गए। सीनियर वकील महेश जेठमलानी ने कोर्ट में कहा, 'हमें दिखाई गई वसीयत का सबसे अहम हिस्सा कंपनी का 6 प्रतिशत हिस्सा है, जिसे प्रतिवादी (प्रिया) ने उसे भी हड़प लिया है।'

संपत्ति को सार्वजनिक करने का सवाल

विवाद का एक और बड़ा पक्ष यह है कि क्या संजय कपूर की संपत्ति सार्वजनिक होनी चाहिए। प्रिया सचदेव के वकील ने गोपनीयता बनाए रखने का अनुरोध किया और कोर्ट ने निर्देश दिए कि संपत्ति की सूची सीलबंद लिफाफे में पेश की जाए। इन प्रतियों को केवल संबंधित पक्षों को ही दिया जाएगा। जेठमलानी ने कोर्ट में कहा, 'क्या मैं कह दूं कि आप में से कोई इसे लीक नहीं करेगा? चलिए इसे यहीं खत्म करते हैं। उन्होंने आगे कहा, 'मैं मौखिक रूप से बयान दे सकता हूँ, लेकिन सच तो यह है कि यह लीक हो ही जाएगा। यह अनुरोध केवल इसलिए किया गया है ताकि इसे गुप्त रखा जा सके। ऐसे तो बड़े-बड़े मामलों में भी कभी नहीं हुआ होगा।'

करिश्मा के बच्चों ने हाईकोर्ट का किया रुख

संजय कपूर के अचानक निधन के बाद उनकी संपत्ति को लेकर यह विवाद सामने आया। करिश्मा कपूर के दोनों बच्चे, समायरा और कियान, पिता की कथित 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति में हिस्सा पाने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे हैं।

इस मामले ने न सिर्फ बॉलीवुड जगत को हैरान किया है, बल्कि कानूनी और पारिवारिक जटिलताओं को भी उजागर किया है। अब देखना यह है कि कोर्ट किस दिशा में फैसला करती है और इस संपत्ति विवाद का समाधान कैसे निकलता है।



 


Content Editor

Mehak

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News