थलापति विजय ने वीडियो कॉल के जरिए करूर भगदड़ के पीड़ितों से की बात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
Tuesday, Oct 07, 2025-04:05 PM (IST)

मुंबई. एक्टर व राजनेता थलापति विजय की तमिलनाडु के करूर रैली में पिछले दिनों भगदड़ की घटना हो गई थी, जिसमें कई करीब 40 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। इस घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया था और उस समय एक्टर ने भी पीड़ितों और मृतकों के लिए अपना दुख जाहिर किया था और उन्हें मुआवजा देने का ऐलान भी किया था। वहीं, हाल ही में थलापति विजय ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए पीड़ितों से बात की और उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
विजय ने दिया मदद का भरोसा
थलापति विजय ने हाल ही में एक पीड़ित परिवार से वीडियो कॉल के जरिए बात की। इस बात का खुलासा खुद पीड़ित परिवार ने किया और बताया कि विजय ने मेरे दामाद को फोन किया और घटना के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने इस घटना पर खेद व्यक्त किया और कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। इसके साथ ही उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
एक अन्य पीड़ित परिवार ने भी विजय के कॉल के बारे में जानकारी दी। परिवार ने बताया कि एक्टर ने महिला का दुख बांटते हुए कहा कि मैं आपके बेटे जैसा हूं।
कैसे हुआ था हादसा?
दरअसल, दो हफ्ते पहले थलापति विजय ने तमिलनाडु के करूर में एक रैली की, जहां 10 हजार लोगों की परमिशन थी। लेकिन, 1 लाख 20 हजार स्क्वायर फीट एरिया में 50 हजार से ज्यादा लोग जमा हो गए। इस दौरान एक्टर 6 घंटे की देरी से पहुंचे। विजय को बताया गया कि 9 साल की एक बच्ची गुम गई थी। उन्होंने मंच से उसे तलाशने की अपील की, जिसके बाद वहां भगदड़ के हालात बन गए और कई लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे, जबकि कई बुरी तरीके से घायल हो गए।