काजोल ने किराए पर दी अपनी 28 करोड़ की प्रॉपर्टी, जानें हर महीने कितने लाख वसूलेंगी एक्ट्रेस?
Wednesday, Nov 19, 2025-04:44 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड सेलेब्स फिल्मों से तो करोड़ों नोट छापते ही हैं, इसके अलावा भी वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इवेंट्स और किराए पर अपने ऑफिस और घर देकर भी मोटी कमाई करते हैं। इसी कड़ी में हाल ही में एक्ट्रेस काजोल देवगन ने भी मुंबई के गोरेगांव पश्चिम इलाके में अपनी एक प्रॉपर्टी को किराए पर दे दिया है, जिससे वे अब हर महीने लाखों रुपए वसूलेंगी।
काजोल देवगन ने हाल ही में मुंबई के गोरेगांव पश्चिम इलाके में स्थित एक रिटेल यूनिट को रेंट पर दिया है। इससे वो हर महीने 6.9 लाख रुपये से शुरू होने वाले मासिक किराए पर दिया है। यह डील आधिकारिक तौर पर नवंबर 2025 में रजिस्टर की गयी है।

काजोल ने रेंट पर जो डील की है, उसके अनुसार भारत अराइज में मौजूद रिटेल इकाई का कारपेट एरिया 1,817 वर्ग फुट (168 वर्ग मीटर) है। इसके साथ एक कार पार्किंग एरिया भी मिलेगा। इस डील में 5.61 लाख रुपये का स्टांप शुल्क और 30,000 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क शामिल है। इस लेनदेन में 27.61 लाख रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट शामिल है।

9 साल का किराया कितना
स्क्वायर यार्ड्स के अनुसार, रेंट एग्रीमेंट नवंबर 2025 से शुरू होकर 9 वर्षों के लिए होगा। वहीं मासिक किराया पहले तीन वर्षों के लिए 6.9 लाख रुपये होगा। इसके बाद हर तीन वर्ष पर 15% की वृद्धि होगी। पहले 3 साल के बाद अगले तीन सालों के लिए किराया 7.9 लाख रुपये और अवधि के अंतिम तीन वर्षों में 9.13 लाख रुपये तक बढ़ जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, काजोल ने इस रिटेल यूनिट को मार्च 2025 में 28.78 करोड़ रुपये में खरीदा था।
