उदयपुर में जोरों पर रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा की शाही शादी की तैयारियां, महज कुछ घंटों में लेंगे 7 फेरे
Sunday, Feb 01, 2026-01:40 PM (IST)
मुंबई. साउथ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ी रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी को लेकर लंबे समय से बज बना हुआ है। फैंस यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर दोनों कब अपने रिश्ते को शादी का नाम देंगे। इसी बीच अब एक नई खबर ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी है। दावा किया जा रहा है कि रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा 2 फरवरी को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।

दरअसल, हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे दोनों सितारों के वेडिंग वेन्यू का बताया जा रहा है। इस वीडियो में उदयपुर के मशहूर सिटी पैलेस की भव्य सजावट दिखाई दे रही है। वीडियो शेयर करने वाली दो लड़कियां कैमरे के सामने यह कहती नजर आती हैं कि वे सिटी पैलेस में मौजूद हैं और यहां बेहद शानदार तरीके से सजावट की जा रही है। उनका दावा है कि इसी जगह पर रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी होने वाली है और तारीख 2 फरवरी बताई जा रही है।
वीडियो में पैलेस के अंदर की शाही तैयारियां साफ दिखाई देती हैं। फूलों की भव्य सजावट, लाइटिंग और रॉयल सेटअप को देखकर फैंस कयास लगा रहे हैं कि यह किसी बड़े सेलिब्रिटी की शादी की तैयारी हो सकती है। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर रश्मिका और विजय की शादी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

हालांकि, अब तक इस पूरे मामले पर रश्मिका मंदाना या विजय देवरकोंडा की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दोनों ने न तो शादी की तारीख की पुष्टि की है और न ही वेडिंग वेन्यू को लेकर कोई जानकारी साझा की है। ऐसे में वायरल वीडियो को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
गौरतलब है कि दोनों सितारों ने अब तक अपनी सगाई को भी सार्वजनिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है। हालांकि, इंडस्ट्री में यह चर्चा पहले से रही है कि 3 अक्टूबर 2025 को हैदराबाद में दोनों ने बेहद निजी समारोह में सगाई की थी, जिसे पूरी तरह सीक्रेट रखा गया। इससे पहले यह भी खबरें आई थीं कि उनकी शादी 26 फरवरी 2026 को उदयपुर के किसी शाही महल में हो सकती है।
लेकिन अब अचानक 2 फरवरी को शादी की खबर और वेडिंग वेन्यू का वायरल वीडियो सामने आने के बाद फैंस और मीडिया में उत्सुकता और बढ़ गई है। फिलहाल, जब तक रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा खुद इस पर मुहर नहीं लगाते, तब तक इन खबरों को महज अटकलें ही माना जा रहा है।
