जरूरतमंदों को जुबीन गर्ग ने दे दी अपनी 70% कमाई, कैंसर मरीजों को समर्पित किया घर
Saturday, Sep 27, 2025-10:21 AM (IST)

मुंबई: असम के मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग अब इस दुनिया में नहीं हैं। सिंगर को अंतिम विदाई देने उमड़े जन सैलाब से अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग उन्हें कितना प्यार करते थे। वहीं एक सिंगर ही नहीं, बल्कि परोपकारी शख्स भी थे, जो हर जरूरतमंद की मदद करते थे। यहां तक कि उन्होंने अपना घर तक कैंसर के मरीजों के लिए दे रखा था। इस खुलासा जुबीन गर्ग के करीबी और म्यूजिक कंपोजर जॉय चक्रवर्ती ने किया।
जॉय चक्रवर्ती ने एक वेबपोर्टल से बातचीत में बताया कि जुबीन गर्ग की असल शख्सियत कैसी थी और क्यों लोग उनसे सबसे ज्यादा जुड़ाव महसूस करते थे। जॉय के मुताबिक, जुबीन को असम में जितना प्यार मिला, उतना न तो कभी किसी को मिला और ना ही आगे कभी मिलेगा। वह एकदम सादगी भरी जिंदगी जीते थे और सबकी मदद करते थे।
कैंसर मरीजों को दे दिया था मुंबई वाला घर
इस दौरान जॉय चक्रवर्ती ने बताया कि मुंबई में जुबीन का अपना घर और बंगला भी है लेकिन वह वहां नहीं रहते थे। उन्होंने अपने घर को एक तरह से गेस्ट हाउस बना दिया था। उनके घर में वो लोग रहते थे, जिन्हें मुंबई में जगह नहीं मिलती थी खासकर वो लोग जो इलाज के लिए आते थे या फिर कैंसर के मरीज होते थे।
सड़क पर मिले जरूरतमंदों को ले जाते थे हाॅस्पिटल
जुबीन गर्ग को अगर सड़क पर भी कोई गरीब या बुजुर्ग मिल जाता, तो उसे अपनी गाड़ी में बिठाकर खुद ही अस्पताल लेकर जाते और सारा खर्च उठाते थे।
70% कमाई दान
जॉय चक्रवर्ती के मुताबिक जुबीन गर्ग अपनी कमाई का 70% हिस्सा दान कर देते थे और बाकी 30% ही अपने लिए रखते थे। जॉय ने बताया कि जुबीन रोजाना लोगों की मदद करते थे। उनके घर पर सुबह 10 बजे से ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो जाती थी। कोई अपने बच्चे के स्कूल एडमिशन के लिए मदद मांगने पहुंचता, तो कोई पैसे मांगने।
गौरतबल है कि 19 सितंबर 2025 को जुबीन गर्ग की सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान मौत हो गई। स्कूबा डाइविंग के वक्त उनकी तबीयत बिगड़ी जिसके बाद तुरंत ही उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।