'भयानक हमला, जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकेगा', पहलगाम आतंकी हमले पर बोली एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और उनके पति विराट कोहली
Wednesday, Apr 23, 2025-01:11 PM (IST)

बाॅलीवुड तड़का : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। हमले के बाद पूरे देश में शोक और गुस्से का माहौल है। इस दर्दनाक घटना पर अब बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और उनके पति भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने भी अपनी संवेदनाएं जाहिर की हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पीड़ितों के प्रति दुख और सहानुभूति व्यक्त की है।
अनुष्का शर्मा ने जताया गहरा दुख
बाॅलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी इस घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, 'कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हुए इस कायराना आतंकी हमले से दिल बहुत दुखी है। पीड़ितों के परिवारों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं उनके लिए प्रार्थना करती हूं। यह एक भयानक हमला है, जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकेगा।'
विराट कोहली ने कही दिल छू लेने वाली बात
अनुष्का के पति और भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने इस हमले को लेकर इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, 'पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हुए इस जघन्य हमले से बहुत दुखी हूं। पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। जिन्होंने इस हमले में अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों को शांति और ताकत मिले। इस क्रूर हमले के लिए न्याय जरूर मिलना चाहिए।'
क्या हुआ था पहलगाम में?
यह आतंकी हमला मंगलवार को पहलगाम की बैसरन घाटी में हुआ। आतंकियों ने वहां मौजूद पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हमला देश और दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं पोस्ट्स
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की ये पोस्ट्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस दोनों की संवेदनशीलता और भावनात्मक प्रतिक्रिया की तारीफ कर रहे हैं। लोगों ने उनके इस कदम को इंसानियत और जिम्मेदार नागरिक होने का प्रतीक बताया है।