सिंगर जुबिन गर्ग के निधन से असम में शोक की लहर, CM हिमंत बिस्वा शरमा ने की तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा
Sunday, Sep 21, 2025-10:32 AM (IST)

मुंबई. भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के निधन ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है। 'या अली' जैसे सुपरहिट गाने से घर-घर में पहचान बनाने वाले जुबिन का 19 सितंबर को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान निधन हो गया। महज 52 साल की उम्र में उनकी असमय मौत से फैंस और इंडस्ट्री गहरे शोक में डूब गई है। वहीं, पूरा असम राज्य भी सिंगर की मौत के गम में डूबा हुआ है। हाल ही में वहां के सीएम ने सिंगर को श्रद्धांजलि के तौर पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है।
असम में तीन दिन का राजकीय शोक
जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि देते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य में तीन दिवसीय राजकीय शोक का ऐलान किया है। यह शोक 20 से 22 सितंबर तक रहेगा। इस दौरान पूरे राज्य में सभी आधिकारिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सार्वजनिक उत्सव रद्द कर दिए गए हैं। हालांकि, सेवा सप्ताह जैसे सामाजिक अभियानों और आवश्यक गतिविधियों को जारी रखने की अनुमति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख
सीएम सरमा ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “असम ने अपने सबसे प्रिय कलाकारों में से एक को खो दिया है। जुबिन गर्ग केवल गायक नहीं थे, बल्कि असम की संस्कृति और संगीत की आत्मा थे। उनकी आवाज में ऐसी शक्ति थी जो सीधा दिल और आत्मा को छू जाती थी। उनका जाना एक ऐसी कमी है जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा।”
संगीत में योगदान
जुबिन गर्ग ने अपने करियर की शुरुआत असम में की थी और धीरे-धीरे बॉलीवुड तथा अन्य भारतीय भाषाओं के संगीत में भी अपना जलवा बिखेरा। उनका गाना 'या अली' (फिल्म- गंगस्टर, 2006) सुपरहिट साबित हुआ था और उन्हें पूरे देश में पहचान दिलाई थी। उन्होंने असमिया, हिंदी, बंगाली और कई अन्य भाषाओं में गाया और लाखों दिलों में अपनी जगह बनाई। सिंगर नॉर्थ ईस्ट की सांस्कृतिक पहचान माने जाते थे और हाल ही में उन्हें सिंगापुर में आयोजित नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में प्रस्तुति देनी थी, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।