पत्नी सुनीता आहूजा के आरोपों पर गोविंदा ने तोड़ी चुप्पी, कहा-मुझ पर यह आरोप कब नहीं लगा?
Tuesday, Feb 10, 2026-12:58 PM (IST)
मुंबई. एक्टर गोविंदा अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। उनका पत्नी सुनीता आहूजा संग रिश्ता हमेशा चर्चा में रहता है। कई बार अफवाहें सामने आई कि इस कपल का तलाक होने जा रहा है। हालांकि, सुनीता ने खुद सामने आकर इन अफवाहों को खारिज किया। साथ ही उन्होंने पति गोविंदा पर एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर्स के आरोप भी लगाए। वहीं, हाल ही में एक्टर ने पत्नी सुनीता के आरोपों पर खुलकर बात की है।

हाल ही में एएनआई से बातचीत में गोविंदा ने कहा, ‘मुझ पर यह आरोप कब नहीं लगा? लेकिन जो इल्जाम लगा रहा है वो मेरे बचपन का प्यार है। अब जो प्यार हो रहा है, किसी के सोचने के मुताबिक यह बुढ़ापे का है।’

एक्टर ने आगे कहा- ‘मैंने चार सुपरस्टार, मिस यूनिवर्स जैसी हीरोइन के साथ काम किया है। मैंने कभी उनकी तरफ नहीं देखा। एक मेरी हीरोइन ऐसा नहीं कह सकती कि मैंने उन्हें तंग किया। मैं सभी एक्ट्रेसेस को शुक्रिया कहता हूं। मेरी जो फिल्में चली हैं, उसके लिए मैं अपने निर्देशकों, हीरोइनों का आभारी हूं।’

गोविंदा ने कहा, ‘मैंने कभी किसी हीरोइन के साथ बुरा व्यवहार नहीं किया। अब सुनीता नाम ले रही हैं। इसलिए मैं माफी मांगता हूं, उन नए लोगों से जो मेरे साथ काम कर रहे हैं। मैं नहीं चाहता हूं कि वह डर जाएं।’
इसके साथ ही गोविंदा ने अपनी पत्नी सुनीता के उन दावों को भी खारिज किया, जिसमें नई हीरोइनों को लेकर तंज कसा गया कि वह आगे बढ़ने के लिए गोविंदा के साथ काम करती हैं।
काम की बात करें तो गोविंदा कुछ अपकमिंग बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं। खबर है कि वह सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' में नजर आ सकते हैं।
